अलवर , मार्च 30 -- राजस्थान में विधानसभा में विपक्ष के नेता और अलवर ग्रामीण से विधायक टीकाराम जूली सोमवार को सकल जैन समाज द्वारा मनाई जा रही श्री महावीर जयंती महोत्सव में श्री जैन नसिया जी में आयोजित झंडा रोहण कार्यक्रम सहित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए।

श्री जूली दोपहर में महावीर जयंती महोत्सव में झंडा रोहण कार्यक्रम में पहुंचे और और झंडारोहण किया। इस अवसर पर मौजूद दिगम्बर जैन आचार्य आदित्य सागर महाराज का पाद प्रक्षालन कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर श्री जूली ने कहा कि भगवान महावीर के अहिंसा के सिद्धांत पूरा विश्व माने तो कभी भी अशांति नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर के सिद्धांत पर चलकर जैन समाज पूरे विश्व को एक संदेश दे सकता है।

श्री जूली ने कहा कि जैन समाज हमेशा ही भामाशाह की भूमिका में रहा है। इस अवसर पर उन्होंने रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया।

इससे पहले जैन समाज द्वारा श्री जूली का दुपट्टा ओढ़ा कर स्वागत किया गया। समाज की ओर से उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित