मुंबई , फरवरी 09 -- राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी(राकांपा-एसपी) अध्यक्ष शरद पवार को सोमवार को खांसी और सीने में जकड़न की शिकायत के बाद जांच के लिए पुणे के रूबी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों ने बताया कि उनकी हालत स्थिर है। इससे पहले डॉक्टरों का दल बारामती के गोविंद बाग में उनके घर जांच के लिए गया था। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पार्टी नेता रोहित पवार ने बताया, "मैं सभी पार्टी कार्यकर्ताओं से आग्रह करता हूं कि वे अस्पताल न आएं। उनकी हालत स्थिर है। चिंता करने की कोई बात नहीं है। आपको यहां नहीं आना चाहिए। उन्हें हल्की खांसी है। उन्हें कुछ दिनों के लिए यहां रखा जायेगा। वह आईसीयू में नहीं, बल्कि निजी कक्ष में हैं। हम सभी पवार साहब के स्वास्थ्य की जानकारी लेने रूबी अस्पताल आये हैं। वहां डॉ अभिजीत लोढ़ा हम सभी को शरद पवार की हालत के बारे में बतायेंगे।"डॉ. अभिजीत लोढ़ा ने सोमवार शाम जानकारी दी, "ज़्यादा मेहनत करने से शरद पवार के सीने में जकड़न हो गयी है। हमने तमाम जांच कर लिये हैं। इलाज चल रहा है। अब उनकी हालत स्थिर है। विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद अगर ज़रूरत पड़ी तो हम इलाज में कोई बदलाव करेंगे। जब तक विस्तृत जांच रिपोर्ट नहीं आ जाती हम और जानकारी नहीं दे सकते। जांच रिपोर्ट आने के बाद तय करेंगे कि क्या इलाज करना है या क्या बदलाव करने हैं। बाकी सब स्थिर है। चिंता की कोई बात नहीं है। पवार साहब अब एक निजी कक्ष में हैं, आईसीयू में नहीं हैं। अब चिंता की कोई बात नहीं है। वह सामान्य हैं। बात कर रहे हैं।"श्री शरद पवार की बेटी एवं पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने भी शरद पवार के स्वास्थ्य की जानकारी साझा की है। इसमें बताया गया है कि पवार को सीने में जकड़न हो रही है और उन्हें पांच दिन के एंटीबायोटिक्स कोर्स की सलाह दी गयी है।
उन्होंने अपने पिता का इलाज कर रही मेडिकल टीम का भी शुक्रिया अदा किया और शुभकामनाओं तथा समर्थन के लिए सभी को धन्यवाद दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित