अमरावती , फरवरी 19 -- महाराष्ट्र के अमरावती जिले में वरुड-राजुरा मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में राज्य परिवहन की बस और ऑटो रिक्शा के बीच आमने-सामने की भिड़ंत में स्कूली छात्रा सहित पांच लोगों की मौत हो गयी, जबकि तीन अन्य घायल हो गये।

वरुड पुलिस के अनुसार, यह हादसा बुधवार को उस समय हुआ, जब महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम की बस वरुड से तालेगांव होते हुए वर्धा जा रही थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो रिक्शा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में ऑटो चालक कैलाश घनश्याम नागदिवे (42), यात्री चिंतामन नागदिवे (60), माही मंगुलकर (13) और हरिभाऊ शिंदे (83) की मौके पर ही मौत हो गयी।

एक अन्य गंभीर रूप से घायल यात्री राजकुमार भलावी (55) को इलाज के लिए नागपुर के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्होंने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल दो अन्य महिलाओं, प्रतिभा लाड और मोहिनी भोरे का फिलहाल नागपुर में इलाज चल रहा है।

पुलिस ने बस चालक निखिल रामभाऊ वारथी (26) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित