सिंधुदुर्ग , दिसंबर 02 -- महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले में नगरपालिका चुनाव से एक रात पहले कार से 1.5 लाख रुपए ज़ब्त होने के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।
यह घटना इस जिले में शिव सेना के विधायक निलेश राणे और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच चल रहे विवाद के बीच सामने आयी है।
श्री राणे ने आरोप लगाया कि यह धनराशि मतदाताओं को नकदी देकर लुभाने के लिये रखी गयी थी। उन्होंने एक भाजपा कार्यकर्ता पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह काम बीते कई दिनों से किया जा रहा है। नकदी ज़ब्त होने की ख़बर मिलते ही श्री राणे 01:20 बजे पुलिस थाने पहुंचे और इस बात पर अडिग रहे कि उचित कानूनी कार्रवाई होने तक वह कहीं नहीं जायेंगे। इसके बाद पुलिस ने दो लोगों को गाड़ी से हिरासत में लिया।
शिवसेना विधायक ने एक अन्य वीडियो जारी करते हुए कहा कि इस चुनाव के दौरान जो कुछ हो रहा है वह चौंकाने वाला है। भाजपा बीते चार-पांच दिन से मतदाताओं को पैसे दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस संबंधित भाजपा पदाधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज करने में देर कर रही थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित