मुंबई , मई 02 -- महाराष्ट्र में पुणे जिले की भोर तालुका में चार साल की एक बालिका से कथित दुष्कर्म और हत्या के बाद शनिवार को विपक्षी दलों के नेताओं ने राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को निशाने पर लिया।
श्री शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदपवार) की राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स 'पर एक पोस्ट में दोषी के लिए कड़ी से कड़ी सज़ा की मांग की।
श्रीमती सुले ने कहा, "पुणे की भोर तालुका के नासरपुर में एक व्यक्ति ने चार साल की एक बालिका से दुष्कर्म किया और उसकी हत्या कर दी। यह घटना दिल दहला देने वाली और मानवता को शर्मसार करने वाली है। हमारा मानना है कि आरोपी को कड़ी से कड़ी सज़ा मिलनी चाहिए। मैं मुख्यमंत्री से अनुरोध करती हूं कि कृपया गृह विभाग को इस अपराध की तेज़ी से जांच करने का आदेश दें। हम यह भी मांग करते हैं कि इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में हो और दोषी को कड़ी सज़ा दी जाये। इस घटना में जान गंवाने वाली बालिका को मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि।"पूर्व मुख्यममंत्री उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उद्धव) की नेता सुषमा अंधारे ने कहा, " पुणे के भोर इलाके में चार साल की एक बालिका को प्रताड़ित करने और उसकी बेरहमी से हत्या करने के इस अमानवीय, बेहद घिनौने कृत्य की निंदा करने के लिए हमारे पास शब्द नहीं हैं। जहां मानवीय शब्द खामोश हो जाते हैं, जहां मानवता का कोई नामोनिशान नहीं बचता, आज हमारी स्थिति वैसी ही हो गयी है। राज्य के गृह मंत्री (श्री फडणवीस) से हम क्या उम्मीद कर सकते हैं? क्या सचमुच उनसे किसी भी चीज़ की उम्मीद की जा सकती है?"श्री फडणवीस पर निशाना साधते हुए, सुश्री अंधारे ने कहा, " जब हर कोई अपनी ही ढपली बजाने, अपना प्रचार करने और यह दिखाने में व्यस्त हो जाता है कि वह कितना शक्तिशाली है, तब आम आदमी के लिए रहना मुश्किल हो जाता है। यहां तक कि चार साल की बालिका भी सुरक्षित नहीं है। गृह मंत्री के इस्तीफे की मांग बिल्कुल नहीं की जा रही है, क्योंकि हम जानते हैं कि गृह मंत्री (श्री फडणवीस) को इन बातों की कोई परवाह नहीं है। उन्हें इन मामलों से कोई लेना-देना नहीं है। चाहे कुछ भी हो जाये, गृह मंत्री (श्री फडणवीस) कभी इस्तीफा नहीं देंगे। "उन्होंने कहा, " वह दूर रहेंगे और बड़े-बड़े भाषण देंगे, साथ ही यह दावा करेंगे कि वह मामले की तह तक जाएंगे। इसके अलावा गृह मंत्री और कुछ खास नहीं करेंगे। दर्द सिर्फ वही महसूस करेगा, जिसने इसे सहा है। हमें इस बात के प्रति जागरूक हो जाना चाहिए कि हम एक असुरक्षित राज्य में रह रहे हैं। "इस बीच, राकांपा विधायक रोहित पवार ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की, जिसके बाद उन्होंने आज संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए महाराष्ट्र में 'शक्ति अधिनियम' को लागू करने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित