नासिक , फरवरी 25 -- महाराष्ट्र में देवलाली कैंप स्थित 'स्कूल ऑफ आर्टिलरी' आगामी 12 मार्च को नासिक और इगतपुरी तालुका के 'जेड सेक्टर' में सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक गोलाबारी का प्रदर्शन करेगा।
अपर जिला मजिस्ट्रेट रोहित कुमार राजपूत ने नागरिकों से प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश न करने की अपील की है। नासिक तालुका के वंजारवाड़ी के जेड सेक्टर और इगतपुरी तालुका के कुछ ग्रामीण क्षेत्रों की सीमाएं इस गोलाबारी के दायरे में आती हैं। इन गांवों में टाकेद खुर्द, अधरवाड़, बेलगाम तरहाले, सोनांशी, अडसर खुर्द, वारशिंगवाने, तलवाड़ी, कवाड़दरा, सामनरे, घोटी खुर्द, लहान घोटीची वाड़ी, नंदुरवैद्य, टाकेद बुद्रुक, धामनगांव, नांदगांव बुद्रुक, सकुर दुमाला, बेलगाम कुर्हे, मालुंजे, गंभीरवाड़ी, भरवीर खुर्द, लहवित, असवली और वंजारवाड़ी शामिल हैं।
श्री राजपूत ने कहा कि संबंधित गांवों को नोटिस के माध्यम से सूचित कर दिया गया है कि कौन सा विशिष्ट क्षेत्र खतरे के दायरे में है। अतः गोलाबारी प्रदर्शन के दिन और उस समय पर नागरिकों के इस खतरनाक क्षेत्र में प्रवेश करने और पशुधन को इस क्षेत्र में भेजने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। यदि प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने के कारण किसी के जीवन को खतरा होता है या कोई क्षति होती है, तो प्रशासन इसके लिए उत्तरदायी नहीं होगा। इस नोटिस का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित