भंडारा , जनवरी 21 -- महाराष्ट्र के भंडारा जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार को राज्य वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) विभाग के एक अधिकारी को उसके कार्यालय में कथित तौर पर 35,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की पहचान मनीष मुरलीधर सहारे (50) के रूप में हुई है, जो राज्य कर निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। एसीबी ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ा है।
एसीबी के अनुसार शिकायतकर्ता की जीएसटी पंजीकरण संख्या अक्टूबर 2025 में बंद हो गया थी। पंजीकरण को दोबारा सक्रिय करने के लिए दो नवंबर 2025 को एक ऑनलाइन आवेदन जमा किया गया था। इसके बाद नागपुर स्थित जीएसटी कार्यालय ने शिकायतकर्ता को उनके फर्म का खाताबही जमा करने और आवश्यक बकाया भुगतान करने का निर्देश दिया था। सभी औपचारिकताएं पूरी करने और 10,428 रुपये का चालान भरने के बाद शिकायतकर्ता भंडारा स्थित जीएसटी कार्यालय पहुंचे, लेकिन उनका पंजीकरण बहाल नहीं किया गया। अधिकारियों ने बताया कि श्री सहारे ने बंद जीएसटी संख्या को फिर से सक्रिय करने के बदले में कथित तौर पर शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित