कानपुर , जनवरी 16 -- महाराष्ट्र निकाय चुनाव में भाजपा-महायुति गठबंधन को 29 में से 25 महानगरों में मिली बंपर जीत की खुशी में शुक्रवार को भाजपा कानपुर महानगर में उल्लास और उत्साह का माहौल देखने को मिला। जैसे ही महाराष्ट्र में भाजपा की प्रचंड विजय की खबर आई, भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई।

आज शाम नवीन मार्केट स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल एवं जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित की अगुवाई में मिष्ठान वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान "भाजपा जिंदाबाद", "नरेंद्र मोदी जिंदाबाद" के गगनभेदी नारों के बीच कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।

इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि लगभग 40 वर्षों बाद पहली बार बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) में भाजपा की प्रचंड जीत हुई है। यह ऐतिहासिक विजय देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास, सुशासन और जनकल्याणकारी नीतियों पर जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण है। महाराष्ट्र की जनता ने एक बार फिर स्पष्ट संदेश दिया है कि भाजपा ही देश और राज्यों के सर्वांगीण विकास की विश्वसनीय पार्टी है।

प्रकाश पाल ने कहा कि यह जीत केवल महाराष्ट्र तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे देश में भाजपा की नीतियों और नेतृत्व की स्वीकार्यता को दर्शाती है। आने वाले समय में भाजपा इसी जनसमर्थन के बल पर राष्ट्र निर्माण के कार्यों को और तेज गति से आगे बढ़ाएगी।

जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने महाराष्ट्र की प्रचंड जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिणाम भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठन की मजबूती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किए गए ऐतिहासिक कार्यों का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की जनता ने विकास, सुरक्षा और सुशासन के पक्ष में मतदान कर विपक्ष की नकारात्मक राजनीति को करारा जवाब दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित