बैतूल , दिसंबर 16 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के चूनालोमा गांव निवासी 36 वर्षीय मजदूर हेमंत पिता साहबलाल की महाराष्ट्र के औरंगाबाद में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। हेमंत बीते चार महीनों से औरंगाबाद में टेंट लगाने का कार्य कर रहा था।
मंगलवार तड़के करीब तीन बजे उसका शव एंबुलेंस से बैतूल लाया गया, जहां जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार हेमंत के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं और उसे भुगतान को लेकर लगातार धमकियां मिल रही थीं।
साथ काम करने वाले मजदूरों ने बताया कि हेमंत अपने कमरे में अचेत अवस्था में मिला था, जिसके बाद उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस और जिला अस्पताल पुलिस चौकी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। वहीं परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित