मुंबई , जनवरी 28 -- निजी विमानन कंपनी 'वीआरएस वेंचर्स' के मालिक विजय कुमार सिंह ने दावा किया है कि जिस विमान में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एपी) अध्यक्ष अजित पवार की जान चली गयी, उसमें कोई तकनीकी दिक्कत या खराबी नहीं थी।

श्री सिंह के मुताबिक, पायलट के फैसलों की वजह से विमान क्रैश हुआ, न कि किसी यांत्रिक गड़बड़ी के कारण।

घटनाओं का क्रम समझाते हुए श्री सिंह ने कहा कि पायलटों ने शुरू में रनवे 29 पर लैंड कराने की कोशिश की। कुछ मुश्किल आने के बाद रनवे 11 पर उन्होंने दूसरी कोशिश की, जिस दौरान हादसा हुआ।

उन्होंने आगे कहा कि एक बड़ी वजह खराब दृश्यता थी, क्योंकि लैंडिंग के समय पायलटों को रनवे साफ दिखाई नहीं दे रहा था।

उन्होंने आगे कहा कि विमान चीफ पायलट कैप्टन सुमित कपूर उड़ा रहे थे, जिन्हें 16,000 घंटे से ज़्यादा उड़ान का अनुभव था और उन्होंने पहले बड़ी विमानन कंपनियों के साथ काम किया था। सह-पायलट कैप्टन शांभवी पाठक को करीब 1,500 घंटे के उड़ान का अनुभव था। सिंह ने दोनों पायलटों को बहुत काबिल प्रोफेशनल और अच्छा इंसान बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित