जयपुर , मार्च 24 -- राजस्थान विश्वविद्यालय के संघटक विश्वविद्यालय महाराजा महाविद्यालय एवं हिंदी विकिमीडियंस यूज़र ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को 'विज्ञान और तकनीक में मुक्तस्रोत हिंदी ई-सामग्री का निर्माण' विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की संयोजक डॉ. सुनीता महावर ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विज्ञान जैसे तकनीकी विषयों को मातृभाषा हिंदी में डिजिटल मंच पर सुलभ बनाना है। कार्यशाला के मुख्य वक्ता डॉ. अनिरुद्ध कुमार ने 'मुक्तस्रोत की संकल्पना और हिंदी विकिपीडिया' पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने बताया कि ज्ञान को किसी सीमा में बांधने के बजाय उसे मुक्त रूप से साझा करना समय की मांग है वहीं डॉ. अजीत कुमार तिवारी ने विद्यार्थियों को विकिपीडिया पर लेख निर्माण की बारीकियों और संपादन प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
इस अवसर पर विकिपीडिया प्रबंधक संजीव कुमार एवं विकिस्रोत प्रबंधक नीलम कुमारी ने डिजिटल साक्षरता और ऑनलाइन आर्काइविंग के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यशाला में महाविद्यालय के स्नातक विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इससे पहले महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. जी पी सिंह ने वक्ताओं का स्वागत किया तथा उप-प्राचार्य डॉ. ऋषिकेश मीणा ने कार्यशाला के महत्व पर प्रकाश डाला।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित