महराजगंज , मार्च 1 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी का रविवार को पूर्वी प्रदेश के महराजगंज जिले में भव्य स्वागत किया गया। श्री चौधरी का काफिला जैसे ही जिले की सीमा में प्रवेश किया, ढोल-नगाड़ों की थाप और "भारत माता की जय" के नारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा। हजारों की संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने फूल-मालाओं और बुके भेंट कर उनका अभिनंदन किया। क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
स्वागत कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह तथा सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने संयुक्त रूप से किया। तीनों नेताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर और माल्यार्पण कर केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया। युवा मोर्चा, महिला मोर्चा तथा विभिन्न मंडलों से आए कार्यकर्ता हाथों में पार्टी का ध्वज लिए स्वागत में जुटे रहे। जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए थे और सड़क के दोनों ओर समर्थक नारे लगाते नजर आए।
इस अवसर पर पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान व्यक्तिगत नहीं, बल्कि पार्टी की विचारधारा और कार्यकर्ताओं की मेहनत का सम्मान है। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है और कार्यकर्ताओं का उत्साह इस बात का प्रमाण है कि पार्टी भविष्य में और अधिक मजबूती से जनता की सेवा करती रहेगी। कार्यक्रम में प्रमुख आनंद शंकर बर्मा, बेद प्रकाश शुक्ला, अजय कुमार श्रीवास्तव, बबलू यादव, कृषगोपाल जायसवाल, गोविंद जायसवाल, सानंदन पटेल, रमेश बर्मा और प्रदीप उपाध्याय सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित