मुंबई , अप्रैल 27 -- महाराष्ट्र की महायुति सरकार में उस समय फूट के संकेत मिले जब मीरा-भयंदर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक नरेंद्र मेहता ने राज्य के मंत्री और शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता प्रताप सरनाईक को 'लैंड माफिया' बताते हुए उनके खिलाफ पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।
भाजपा विधायक मेहता सोमवार को अपने समर्थकों के साथ शिकायत दर्ज कराने के लिए कासरवडवली थाना पहुंचे। मेहता का आरोप है कि सरनाइक और उनके साथियों ने भायंदर पाड़ा स्थित 2,439 वर्ग मीटर के एक भूखंड में से 1,219 वर्ग मीटर जमीन पर अवैध रूप से कब्जा जमा लिया है और यह जमीन स्थानीय परिवारों (भोईर और अन्य) की है।
मेहता ने अपने हमले में कहा, "प्रताप सरनाइक मराठी मानुष का समर्थन करने का दावा करते हैं लेकिन वे अपने निजी फायदे के लिए स्थानीय 'भूमिपुत्रों' को बेघर कर रहे हैं। वह सबसे बड़े लैंड माफिया हैं और उनके कार्यों से सरकार की छवि खराब हो रही है।" मेहता ने श्री सरनाइक के कैबिनेट से तत्काल इस्तीफे की मांग की है।
पुलिस में यह शिकायत पिछले एक महीने से दोनों नेताओं के बीच चल रही जुबानी जंग की एक कड़ी है।
पिछले महीने प्रताप सरनाइक का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि मीरा-भायंदर की लगभग 30 प्रतिशत जमीन नरेंद्र मेहता के पास है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित