मुंबई , दिसंबर 06 -- महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा है कि महायुति समन्वय समिति गठबंधन के घटक दलों ने एक-दूसरे के नेताओं या पदाधिकारियों को अपने दल में शामिल नहीं करने का निर्णय लिया है।

श्री बावनकुले ने शनिवार को मीडिया को बताया कि इस फैसले पर जल्द ही गठबंधन के तीनों प्रमुख नेताओं की बैठक में अंतिम मुहर लगाई जाएगी।

स्थानीय निकाय चुनाव नजदीक आने के साथ ही गठबंधन के भीतर तनाव मुखर हो रहा था, खासकर भाजपा और शिवसेना के बीच। भाजपा के कथित 'ऑपरेशन लोटस' को लेकर न केवल विपक्ष बल्कि गठबंधन सहयोगियों ने भी चिंताएँ व्यक्त की गई थीं। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हाल ही में कथित तौर पर राजनीतिक तोड़फोड़ के संबंध में अपनी आशंकाओं से अवगत कराने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी।

इस पृष्ठभूमि में, महायुति समन्वय समिति ने यह संकल्प लिया कि भाजपा, शिवसेना और राष्ट्रवदी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार) एक-दूसरे के नेताओं या कार्यकर्ताओं को अपने दल में शामिल नहीं करेंगे।

श्री बावनकुले ने कहा कि इस फैसले को औपचारिक रूप देने के लिए अगले दो से तीन दिनों में शीर्ष नेताओं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री अजित पवार के बीच एक बैठक निर्धारित है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित