ऋषिकेश , अप्रैल 28 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश नगर निगम क्षेत्र में जनसुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में मंगलवार को महापौर शम्भू पासवान ने वार्ड संख्या 28 में इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण कार्य का विधिवत उद्घाटन किया।
यह निर्माण कार्य नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम (एनसीएपी) के तहत लगभग 16 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान महापौर ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य प्रत्येक वार्ड में मजबूत बुनियादी ढांचा विकसित करना है। उन्होंने बताया कि धूल-मुक्त सड़कों के निर्माण से जहां आमजन को सुविधा मिलेगी, वहीं वायु गुणवत्ता में भी सुधार होगा।
उन्होंने संबंधित ठेकेदार और कार्यदायी संस्था को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण हो और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण सामग्री के मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस मौके पर क्षेत्रीय पार्षद लव कम्बोज ने महापौर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क निर्माण से वार्डवासियों को जलभराव और गंदगी की समस्या से राहत मिलेगी और आवागमन अधिक सुगम होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित