वाराणसी , जनवरी 13 -- धार्मिक नगरी काशी में मकर संक्रांति महापर्व पर 15 जनवरी को गंगा में स्नान और दर्शन-पूजन के लिए तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसको लेकर महापौर अशोक तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने गंगा घाटों तथा सड़क मार्गों पर स्वच्छता और व्यवस्थाओं को लेकर विशेष निर्देश जारी किए हैं।
महापौर अशोक तिवारी ने मंगलवार को बताया कि उन्होंने दशाश्वमेध और मान मंदिर घाट तक सघन दौरा किया। सोमवार को निरीक्षण के दौरान रैन बसेरों में ठंड से बचाव की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। वहीं, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने घाटों की सफाई और रखरखाव में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि शीतलहर के दौरान कोई भी बेसहारा व्यक्ति खुले आसमान के नीचे न रहे।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद घाट एवं मान मंदिर के आसपास सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने मुख्य अभियंता (सिविल) को निर्देशित किया कि यहां लगे पुराने और जीर्ण-शीर्ण काउ कैचर को तत्काल हटाकर स्टोन वर्क (चौका) बिछाने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाए। साथ ही, घाटों पर स्थित सफाई एवं सामान्य विभाग की चौकियों के टीन शेड को आकर्षक बनाने के लिए उन पर थीम आधारित पेंटिंग कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पर्यटकों के बीच काशी की उत्कृष्ट छवि उभर सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित