नोएडा , दिसंबर 18 -- दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' के शिल्पकार और भारतीय मूर्तिकला के दिग्गज कलाकार राम वनजी सुतार का बुधवार देर रात उत्तर प्रदेश के नोएडा के सेक्टर 19 स्थित आवास पर निधन हो गया। वह 100 वर्ष के थे।

राम सुतार के निधन की जानकारी उनके पुत्र अनिल सुतार ने दी। वह स्वयं एक मूर्तिकार हैं जो अपने पिता की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। शतायु राम सुतार का अंतिम संस्कार गुरुवार को सेक्टर 94 में किया जाएगा। उन्हें आज गार्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया जाएगा।

महान मूर्तिकार राम सुतार को पद्मश्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण से नवाजा जा चुका है। उन्होंने गुजरात में दुनिया की सबसे ऊंची मूर्ति 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' को डिजाइन किया था। इसके अलावा संसद परिसर में ध्यान में बैठे हुए महात्मा गांधी जी और घोड़े पर सवार छत्रपति शिवाजी की मूर्ति भी उन्होंने ही बनाई थी। श्री सुतार मुंबई के जेजे स्कूल ऑफ आर्ट एंड आर्किटेक्चर से गोल्ड मेडलिस्ट थे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महान मूर्तिकार राम सुतार के निधन पर दुख जताया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित