अलवर, 08 (वार्ता) राजस्थान के गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा है कि समाज के महान नेताओं और समाजसेवियों की प्रतिमाएं आने वाली पीढिय़ों को प्रेरणा देने का काम करती हैं।

श्री बेढम रविवार को थानागाजी के टहला में देवनारायण मंदिर परिसर में आयोजित मूर्ति अनावरण, प्रतिभा सम्मान समारोह में सम्बोधित कर रहे थे।

इससे पहले उन्होंने पूर्व कैबिनेट मंत्री दिवंगत हेमसिंह भड़ाना एवं गुर्जर समाज के प्रमुख नेता कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया।

श्री बेढम ने कहा कि युवाओं को शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में आगे बढ़कर काम करना चाहिए, जिससे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के सपने को साकार किया जा सके। उन्होंने कहा कि कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला का सामाजिक योगदान चिर स्मरणीय रहेगा। श्री भडाना स्वभाव से सरल, सतत समर्पण एवं विषम परिस्थितियों में काम करने वाले व्यक्ति के रूप में अपनी पहचान रखते थे। उन्होंने थानागाजी क्षेत्र के विकास को आगे बढाते हुए वंचित एवं अंतिम पंक्ति के लोगों को आगे लाने के लिए निरन्तर सकारात्मक भाव से काम किया।

श्री बेढम ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार किसान, युवा, महिला एवं गरीब को आगे बढाने के लिए कृतसंकल्पित होकर काम कर रही है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने शिक्षा, खेल और विभिन्न क्षेत्रें में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों और युवाओं को सम्मानित किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित