चंडीगढ़/गोहाना , अप्रैल 11 -- हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा है कि महात्मा ज्योतिबा फुले का जीवन नैतिक साहस, आत्मचिंतन और समाज कल्याण के प्रति समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण है।
गोहाना स्थित महात्मा ज्योतिबा फुले चौक पर शनिवार को आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि महात्मा फुले ने अपने विचारों और आंदोलनों के माध्यम से समाज में जागरूकता पैदा की। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी उनके बताये मार्ग पर चलते हुए महिला सशक्तिकरण और शिक्षा को बढ़ावा दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि साधारण परिवार में जन्म लेने के बावजूद महात्मा फुले ने कठिनाइयों का सामना करते हुए शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में मिसाल कायम की। उनका जीवन संदेश देता है कि निरंतर प्रयास और ज्ञानके माध्यम से किसी भी चुनौती को पार किया जा सकता है।
मंत्री ने कहा कि महात्मा फुले का मानना था कि ज्ञान सभी के लिए है और उन्होंने उस समय लड़कियों और वंचित वर्गों के लिए शिक्षा के द्वार खोले, जब समाज का बड़ा हिस्सा इससे वंचित था।
उन्होंने कहा कि आज राष्ट्रीय शिक्षा नीति के जरिए युवाओं को सीखने, प्रश्न पूछने और नवाचार के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस अवसर पर मंत्री ने फुले चौक के सौंदर्यीकरण के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित