चंडीगढ़ , मई 02 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि महात्मा ज्योतिबा फुले की शिक्षाओं पर चलते हुए प्रदेश को शिक्षित, स्वस्थ, सुरक्षित और स्वावलंबी बनाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।
श्री सैनी रेवाड़ी में महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उनका जीवन और विचार समाज के लिए मार्गदर्शक हैं और उनके रास्ते पर चलकर समानता, न्याय और भाईचारे पर आधारित समाज का निर्माण किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने रेवाड़ी के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए हेमू और राव तुला राम के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि जब-जब समाज अंधकार में डूबा, तब महापुरुषों ने नयी दिशा दिखाई और महात्मा फुले भी ऐसे ही युगपुरुष थे।
उन्होंने बताया कि महात्मा फुले ने बाल विवाह, छुआछूत, जातिगत भेदभाव और महिलाओं की अशिक्षा के खिलाफ संघर्ष किया। शिक्षा के क्षेत्र में उनका महती योगदान रहा। उन्होंने पत्नी सावित्रीबाई फुले के साथ मिलकर देश का पहला बालिका विद्यालय स्थापित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान महात्मा फुले के विचारों का विस्तार हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा लिये गये 217 संकल्पों पर तेजी से काम हो रहा है। महिलाओं के लिए दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना का बजट बढ़ाकर साढ़े छह हजार करोड़ रुपये किया गया है। किसानों की फसल एमएसपी पर खरीदी जा रही है और वृद्धा सम्मान भत्ता बढ़ाकर 3200 रुपये किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित