लखनऊ , अप्रैल 11 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महान समाज सुधारक ज्योतिबा फूले की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि महात्मा फुले ने समाज को यह सिखाया कि वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब हर व्यक्ति को शिक्षा, सम्मान और समान अवसर प्राप्त हों। उन्होंने कहा कि फुले के संघर्षों ने लाखों लोगों के जीवन में नई रोशनी जलाई और समाज में सकारात्मक बदलाव का मार्ग प्रशस्त किया।
योगी ने लोगों से आह्वान किया कि वे महात्मा फुले के विचारों को आगे बढ़ाते हुए एक समतामूलक और जागरूक समाज के निर्माण का संकल्प लें।
गौरतलब है कि ज्योतिबा फुले जयंती हर वर्ष 11 अप्रैल को मनाई जाती है। 19वीं सदी के प्रमुख समाज सुधारकों में शामिल फुले ने अपनी पत्नी सावित्रीबाई फुले के साथ मिलकर महिलाओं की शिक्षा, जातिगत समानता और छुआछूत के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। दोनों ने वर्ष 1848 में पुणे में देश का पहला बालिका विद्यालय स्थापित कर शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक पहल की, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित