महराजगंज , मई 7 -- उत्तर प्रदेश में महराजगंज जिले के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में पुलिस ने नेपाल सीमा की ओर नशीली दवाओं की खेप ले जा रहे गोरखपुर निवासी तीन तस्करों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार बरामद दवाओं की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि श्यामदेउरवा स्टेडियम के पास वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर एक बाइक सवार तीन युवकों को रोककर तलाशी ली गई। आरोपियों के बैग से 26 पैकेट ट्रैमालैब कैप्सूल (6240 कैप्सूल), 73 पैकेट एलजोमैक टैबलेट (43800 टैबलेट) तथा अल्ट्रापार नियो टैबलेट के 25 बॉक्स (3750 टैबलेट) बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामसमुश निवासी खरोहवा थाना बेलीपार, नवीन कुमार गौतम निवासी अंधियारीबाग उत्तरी थाना गोरखनाथ तथा संदीप कुमार निवासी डोहरिया थाना तिवारीपुर जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी गोरखपुर से नशीली दवाएं लेकर नेपाल सीमा तक पहुंचाने का काम करते थे। ये लोग किराये की गाड़ियों और मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) जैसी पहचान का इस्तेमाल करते थे, जिससे किसी को उन पर संदेह न हो।
पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपी उच्च शिक्षित हैं। रामसमुश ने एमए, नवीन कुमार गौतम ने बीएम तथा संदीप कुमार ने भी एमए तक की पढ़ाई की है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि रोजगार न मिलने और जल्दी पैसा कमाने की चाह में ये लोग अवैध कारोबार में शामिल हो गए थे। पिछले लगभग तीन महीनों से ये तीनों मिलकर इस नेटवर्क को संचालित कर रहे थे।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। नेपाल सीमा की ओर नशीली दवाओं की तस्करी रोकने के लिए निगरानी और सख्ती बढ़ा दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित