रोहतक , अप्रैल 5 -- हरियाणा में रोहतक के महम क्षेत्र में भाजपा की ओर से विकास रैली का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। रैली की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने की। इस दौरान मंत्री कृष्ण लाल पंवार, अरविंद शर्मा और रणबीर गंगवा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
रैली को संबोधित करते हुए रामचंद्र जांगड़ा ने कहा कि महम हलका लंबे समय तक उपेक्षित रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार तीन बार बनने के बावजूद क्षेत्र को अपेक्षित हिस्सेदारी नहीं मिली, लेकिन अब लोगों की मांग है कि 2029 में महम को उचित प्रतिनिधित्व दिया जाए।
जांगड़ा ने कहा कि महम में बसों की कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि पहले एक पूर्व विधायक द्वारा लड़कियों के लिए बस सेवा चलाई जाती थी, जिसे बंद करने के बाद मुख्यमंत्री ने तुरंत नई बस सेवा शुरू करवाई। साथ ही उन्होंने महम में महिला कॉलेज खोलने की मांग उठाई, ताकि छात्राओं को बाहर न जाना पड़े।
उन्होंने क्षेत्र में जर्जर अस्पताल भवन और स्टेडियम की मरम्मत की जरूरत पर जोर दिया। इसके अलावा महम को नगर परिषद बनाने और तालाबों के सौंदर्यकरण की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित