श्रीनगर , दिसंबर 23 -- पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने मंगलवार को बंगलादेश से मिली उन रिपोर्टों पर चिंता व्यक्त की जिनमें कहा गया है कि वहां हिंदू महिलाएं सिंदूर लगाकर स्वतंत्र रूप से घूमने में डर रही हैं।

सुश्री महबूबा ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि हालांकि यह मुद्दा 'गंभीर' है, लेकिन भारतीय नेतृत्व बंगलादेशी अधिकारियों के साथ इस मामले को उठाने में नैतिक दुविधा का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि बंगलादेश से आने वाली खबरें, जिनमें कहा गया है कि हिंदू महिलाएं सिंदूर लगाकर स्वतंत्र रूप से घूमने में डर रही हैं, अत्यंत विचलित करने वाली हैं।

पीडीपी अध्यक्ष ने कहा कि दुर्भाग्य से भारतीय नेतृत्व इस गंभीर मुद्दे को बंगलादेशी अधिकारियों के साथ उठाने में नैतिक दुविधा का सामना करता दिख रहा है क्योंकि देश के भीतर ही कुछ असामाजिक तत्व मुस्लिम महिलाओं के हिजाब जबरन उतारते देखे जाते हैं। कट्टरपंथियों के दबदबे वाली दुनिया में महिलाओं के अधिकारों और सम्मान के लिए वास्तव में कौन खड़ा होगा।

इससे पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जम्मू -कश्मीर इकाई ने मंगलवार को बंगलादेश में अल्पसंख्यकों की हत्याओं पर नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीडीपी की कथित चुप्पी को लेकर उन पर तीखा हमला बोला। एक बयान में भाजपा प्रवक्ता मंजूर भट ने उमर अब्दुल्ला सहित जम्मू -कश्मीर के नेताओं की चुप्पी पर सवाल उठाये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित