दंतेवाड़ा , मार्च 17 -- छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना जिले की ग्रामीण महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। इस योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता से महिलाएं न सिर्फ आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि परिवार के दैनिक खर्चों में भी अपना योगदान दे पा रही हैं।
जिले के ग्राम पंचायत पंडेवार की निवासी रेवती ठाकुर इस योजना का लाभ उठाने वाली हजारों महिलाओं में से एक हैं। रेवती ठाकुर ने बताया कि जब उनके मोबाइल पर योजना की राशि जमा होने का संदेश आया, तो वह तुरंत बैंक पहुंचीं और राशि निकालकर घरेलू जरूरतों की पूर्ति की। उन्होंने बताया कि पिछले एक वर्ष से अधिक समय से उन्हें नियमित रूप से यह राशि प्राप्त हो रही है, जिससे घर के छोटे-मोटे खर्चों को पूरा करने में काफी सहूलियत हो गई है।
रेवती ठाकुर ने बताया कि इस पैसे का उपयोग वह मुख्य रूप से रसोई के लिए साग-सब्जी और अन्य दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने में करती हैं। पहले दैनिक खर्चों को लेकर चिंता बनी रहती थी, लेकिन अब योजना से मिलने वाली राशि से काफी हद तक राहत मिली है। उन्होंने कहा कि यह योजना ग्रामीण महिलाओं के लिए वरदान साबित हो रही है, जिससे उन्हें आर्थिक सुरक्षा का एहसास हुआ है।
महतारी वंदन योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने नियमित रूप से आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है। दंतेवाड़ा जिले में भी यह योजना तेजी से लोकप्रिय हो रही है और बड़ी संख्या में महिलाएं इसका लाभ उठा रही हैं।
रेवती ठाकुर ने राज्य सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ा है। वे अब परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर पा रही हैं। इस योजना से न केवल महिलाओं को आर्थिक सहयोग मिल रहा है, बल्कि उनके सशक्तिकरण की दिशा में भी यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित