कोण्डागांव , मार्च 07 -- छत्तीसगढ सरकार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के उद्देश्य से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन कर रही है। इन्हीं योजनाओं में से एक महतारी वंदन योजना है, जिसके माध्यम से प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। जिले की नहरपारा निवासी फरिदा बेगम महतारी वंदन योजना से अपने परिवार का भरण पोषण कर रही है।
शनिवार को जिला जनसंपर्क अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार फरिदा ने बताया कि कुछ समय पहले उनके पति सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गये थे। इस दुर्घटना के कारण वह दिव्यांग हो गए और अब किसी भी प्रकार का कार्य करने में असमर्थ हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर थी, ऐसे में घर का खर्च चलाना उनके लिए बेहद कठिन हो गया था।
विपरीत परिस्थितियों में भी फरिदा बेगम ने हार नहीं मानी और अपने घर में एक छोटा सा फैंसी स्टोर चला रही है। इस दुकान से जो थोड़ी-बहुत आय होती है, उसी से परिवार का गुजारा चलता है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाली एक हजार रुपये प्रतिमाह की सहायता राशि उनके लिए बड़ी राहत साबित हो रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित