पौड़ी, दिसम्बर 13 -- देहरादून स्थित सगंध पौधा केंद्र में उत्तराखण्ड महक क्रांति नीति का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का विकास भवन सभागार, पौड़ी गढ़वाल में वर्चुअल माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया।
विकास भवन में कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक राजकुमार पोरी द्वारा की गयी। उन्होंने कहा कि महक क्रांति नीति के लागू होने से पौड़ी जनपद के सगंध कृषकों को विशेष लाभ मिलेगा। साथ ही उन्होंने बताया कि जंगली जानवरों के कारण कई क्षेत्रों में पारंपरिक खेती प्रभावित हो रही है, जबकि सगंध खेती जंगली जानवरों से अपेक्षाकृत सुरक्षित है, जिससे कृषकों की आय में वृद्धि संभव होगी।
कार्यक्रम के आरंभ में सगंध पौधा केंद्र (कैप), सेलाकुई के वैज्ञानिक डॉ. जफर हैदर द्वारा सगंध खेती की तकनीक, संभावनाओं एवं लाभों के बारे में कृषकों को विस्तारपूर्वक जानकारी दी गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित