महासमुंद , अप्रैल 02 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद में जिला कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को पत्रकारों से चर्चा के दौरान केंद्र की मोदी सरकार पर महंगाई को लेकर तीखा हमला बोला। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि आर्थिक कुप्रबंधन और कूटनीतिक विफलताओं के कारण देश में लगातार महंगाई बढ़ रही है, जिससे आम आदमी का जीवन प्रभावित हो रहा है।
जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण महंगाई चरम पर पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 215 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जबकि पिछले तीन महीनों में कुल 525 रुपये तक की वृद्धि हो चुकी है। वहीं घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में भी हाल ही में 62 रुपये का इजाफा किया गया है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव से आम जनता परेशान है। खाद्य तेल, दूध, मावा सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं के दामों में भी लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे आम परिवारों का बजट बिगड़ गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर आम जनता महंगाई की मार झेल रही है, वहीं दूसरी ओर सरकार अपने पूंजीपति सहयोगियों को लाभ पहुंचाने में लगी हुई है। कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में शुरू की गई योजनाओं को कमजोर किया जा रहा है, जिससे गरीबों के हित प्रभावित हो रहे हैं।
इस दौरान खल्लारी विधायक एवं जिला कांग्रेस कमेटी महासमुंद के अध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव ने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित