सूरजपुर, मार्च 17 -- छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में अवैध रूप से मवेशियों की तस्करी करने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को तस्करी की सूचना मुखबिरों ने दी थी। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने एक पिकअप वाहन और चार जीवित मवेशी बरामद किए हैं।
पुलिस से मंगलवार को मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर अम्बिकापुर की ओर से एक पिकअप वाहन में मवेशियों को भरकर उत्तर प्रदेश ले जा रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना चंदौरा पुलिस ने चंदौरा चौक में वाहनों की जांच के लिए नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान संदिग्ध हालत में आ रहे एक पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गई।
वाहन में सवार दो व्यक्तियों की पहचान भूप सिंह (22) पुत्र भूरे सिंह निवासी फिरोजपुर, थाना बिसौली, जिला बदायूं (उत्तर प्रदेश) और वसीम (20) पुत्र इदरीस कुरैशी निवासी खैरी, थाना बिल्सी, जिला बदायूं (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई।
पुलिस ने जब वाहन की बारीकी से तलाशी ली तो उसमें चार जीवित भैंसे और एक मृत भैंसा होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने जब आरोपियों से मवेशियों के वैध परिवहन या खरीद-फरोख्त से संबंधित दस्तावेज मांगे तो वे कोई भी वैध कागजात पेश नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों पर पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(1) (घ) एवं छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6 और 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। मामला दर्ज होने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन और सभी जीवित मवेशियों को जब्त कर लिया है। जब्त किए गए मवेशियों और वाहन की कुल कीमत लगभग एक लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित