नयी दिल्ली , दिसंबर 16 -- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने 1971 के युद्ध में भारत की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करने वाले सैनिकों की बहादुरी, बलिदान और वीरता को याद करते हुए सशस्त्र बलों को 'विजय दिवस' पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्री खरगे ने राष्ट्र के सशस्त्र बलों और मुक्ति वाहिनी की असाधारण बहादुरी और बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। श्री खरगे ने 'एक्स' पर अपनी पोस्ट में लिखा, "1971 में इसी दिन इतिहास रचा गया था, जब भारत के बहादुर सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान को निर्णायक रूप से हराया, जिससे बंगलादेश को स्वतंत्रता मिली और दुनिया के नक्शे को एक नया आकार मिला।"श्री खरगे ने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के निर्णायक नेतृत्व को याद करते हुए कहा, "श्रीमती इंदिरा गांधी के दूरदर्शी, साहसी और दृढ़ नेतृत्व में, यह जीत मानवता और न्याय का एक महान उदाहरण बनी।"कांग्रेस अध्यक्ष ने सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, "हम भारत की सैन्य शक्ति और मुक्ति वाहिनी के असाधारण शौर्य, वीरता और बलिदान को सलाम करते हैं। देश माँ भारती के इन वीर सपूतों के समर्पण और निस्वार्थ सेवा को हमेशा याद रखेगी।"श्री गांधी ने दक्षिण एशिया को नया आकार देने और बंगलादेश के निर्माण वाले इस दिन को याद करते हुए सशस्त्र बलों के साहस की सराहना की और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के निर्णायक नेतृत्व को भी याद किया। उन्होंने कहा, "उनका अदम्य साहस, संघर्ष और सर्वोच्च बलिदान हमेशा हर भारतीय के लिए एक प्रेरणा बना रहेगा।"कांग्रेस नेता ने स्वर्गीय प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 1971 में तीनों सेना प्रमुखों के साथ हाथ मिलाते हुए तस्वीरों और ढाका में आत्मसमर्पण समारोह की तस्वीर को सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा, "इस विजय दिवस पर, मैं हमारे सशस्त्र बलों के उन बहादुर नायकों को नमन करता हूँ, जिन्होंने 1971 के युद्ध में भारत की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने शौर्य, समर्पण और अटूट संकल्प से दुनिया में इतिहास रचा।"वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने भी शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और राष्ट्र की संप्रभुता की रक्षा के लिए सेना की प्रतिबद्धता को दोहराया। सैन्य प्रतिष्ठानों में पुष्पांजलि समारोह और स्मारक परेड सहित औपचारिक कार्यक्रम आयोजित किये गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित