मलोट , मार्च 24 -- पंजाब के श्रीमुक्तसर साहिब जिले के मलोट शहर में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, कैबिनेट मंत्री और स्थानीय विधायक डॉ. बलजीत कौर ने मंगलवार को एक जल आपूर्ति परियोजना की शुरुआत की।
डॉ. कौर ने बताया कि अमृत 2.0 योजना के तहत मलोट शहर के लिए 16.25 करोड़ रूपये की जल आपूर्ति परियोजना शुरू की गई है, जिससे सीधे तौर पर लगभग एक लाख निवासियों को लाभ होगा। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के तहत सरहिंद फीडर पर नई पंपिंग मशीनरी स्थापित की जाएगी और 8,300 मीटर पुरानी एवं लीकेज वाली पाइपलाइन को बदलकर नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इसके अतिरिक्त, शहर के हर कोने तक पानी पहुँचाने के लिए लगभग 20 किलोमीटर नयी पाइपलाइन बिछाई जाएगी।
कैबिनेट मंत्री ने आगे बताया कि इस योजना के तहत लगभग 3,000 नए घरेलू कनेक्शन प्रदान किए जाएंगे, जिससे निवासियों को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना को एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है और इससे मलोट के लोगों को पानी से संबंधित समस्याओं से बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने दोहराया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार लोगों को बुनियादी सुविधाएं प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित