मऊ , अप्रैल 09 -- पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवडकर ने मऊ जंक्शन के अपने प्रथम निरीक्षण के दौरान कहा कि मरुधर एक्सप्रेस को मऊ से संचालित किए जाने की मांग पर रेलवे बोर्ड से बातचीत की जाएगी।

अपने कार्यकाल के पहले निरीक्षण पर गुरुवार को मऊ जंक्शन पहुंचे महाप्रबंधक काे कई संगठनों के प्रतिनिधियों ने यात्री सुविधाओं से संबंधित मांगों का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रमुख रूप से वाराणसी सिटी से जोधपुर के बीच संचालित मरुधर एक्सप्रेस को मऊ जंक्शन से चलाने की मांग की गई। इसके अलावा मऊ-आनंद विहार द्विसाप्ताहिक ट्रेन को प्रतिदिन चलाने, मऊ से दिल्ली के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस, मऊ-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस के संचालन तथा ताप्ती गंगा एक्सप्रेस को सप्ताह में पांच दिन के स्थान पर सातों दिन चलाने की मांग भी रखी गई।

संगठनों ने वरिष्ठ नागरिकों और मान्यता प्राप्त पत्रकारों को यात्रा किराए में मिलने वाली रियायतों को पुनः बहाल करने की भी मांग की। महाप्रबंधक उदय बोरवडकर ने आश्वस्त किया कि सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा तथा मरुधर एक्सप्रेस के संचालन संबंधी प्रस्ताव पर रेलवे बोर्ड से शीघ्र बातचीत की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित