नयी दिल्ली , फरवरी 09 -- दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने सोमवार को कहा कि मरीजों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का कोई समझौता नहीं किया जा सकता है और यह सुनिश्चित की जायेगी कि दिल्ली के लोगों को केवल सुरक्षित, असरदार और अच्छी गुणवत्ता की दवाएं मिलें।
डॉक्टर पंकज सिंह ने आज कहा कि कैंसररोधी दवाएं मरीजों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जीवनरक्षक होती हैं, जिनकी गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कमी मरीजों की सुरक्षा के लिए गंभीर जोखिम पैदा कर सकती है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए आपूर्ति श्रृंखला की निगरानी और ज्यादा सख्त की गई है, ताकि केवल सुरक्षित, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण दवाएं ही अस्पतालों, फार्मेसियों और मरीजों तक पहुंच सकें।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार विशेष रूप से कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली नकली या घटिया दवाओं के खिलाफ ज़ीरो-टॉलरेंस पॉलिसी का पालन करती है। उन्होंने कहा कि मरीज़ों की सुरक्षा के लिए लगातार इंस्पेक्शन, सख्त कार्रवाई और रेगुलर मॉनिटरिंग हमारी सर्वोच्य प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि ऐसे अभियान राजधानी दिल्ली में आगे भी लगातार चलाए जाएंगे और ड्रग सेफ्टी नियमों का उल्लंघन करने वाली किसी भी संस्था के खिलाफ हमारी सरकार कड़ी कार्रवाई करेगी। आम जनता और हेल्थकेयर संस्थानों को भी सलाह दी गई है कि वे दवाएं सिर्फ लाइसेंसी प्रतिष्ठानों से ही खरीदें और दवाओं की बिक्री से सम्बन्धित किसी भी संदिग्ध या गड़बड़ी की सूचना तुरंत ड्रग्स कंट्रोल डिपार्टमेंट को रिपोर्ट करें।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मरीजों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का कोई समझौता नहीं किया जा सकता है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि दिल्ली के लोगों को केवल सुरक्षित, असरदार और अच्छी क्वालिटी की दवाएं ही मिलें। ड्रग्स कंट्रोल डिपार्टमेंट ने प्रोएक्टिव एनफोर्समेंट के ज़रिए पब्लिक हेल्थ की सुरक्षा करने और यह सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया है कि दिल्ली में हर कैंसर मरीज़ को असली और गुणवत्तापूर्ण दवाएं ही मिलें।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली सरकार के ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने जीवन रक्षक कैंसर रोधी दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और गंभीर इलाज करवा रहे मरीज़ों की सुरक्षा के लिए पूरी दिल्ली में एक विशेष निरीक्षण और एनफोर्समेंट ड्राइव चलाया है। विभाग की कई टीमों ने शहर के प्रमुख इलाकों में कैंसर की दवाएं बेचने वाली 25 रिटेल और होलसेल दुकानों का इंस्पेक्शन किया। इस एनफोर्समेंट ड्राइव के दौरान छह कंपनियां ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स रूल्स के नियमों का उल्लंघन करती हुई पाई गईं, जिनके विरूद्ध विभाग ने नियमों के अनुसार ज़रूरी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित