कोलकाता , मार्च 01 -- तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग करते हुए उन्हें मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया (एसआईआर) के बाद मतदाताओं की हेरफेर की गई सूची के प्रकाशन के लिए जिम्मेदार ठहराया।

सुश्री बनर्जी ने एक चैनल को बताया कि एसआईआर के काम में शामिल लोगों को छोड़कर पार्टी के सभी कार्यकर्ता राज्यभर के सभी ब्लॉकों में विरोध रैली निकालेंगे। उन्होंने चुनाव आयोग की कड़ी आलोचना करते हुए कहा, "आपने एसआईआर करने में इतना समय लिया और अब सूची सिर्फ दो दिनों में प्रकाशित कर दी गई है। चुनाव आयोग ने नाम हटाने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का इस्तेमाल किया था। यह गलत है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।"उन्होंने कहा, "पहली सूची शनिवार को प्रकाशित हुई थी और हमने देखा कि मतदाताओं के नाम बिना कोई कारण बताए हटा दिए गए हैं।" उन्होंने कहा, "तृणमूल कांग्रेस सोमवार से पूरे राज्य में आंदोलन शुरू करेगी।"गौरतलब है कि सुश्री बनर्जी बतौर एक वकील मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत की अगुवाई वाले सर्वोच्च न्यायालय की तीन जजों की पीठ के सामने हाल ही में पेश हुई थीं। उन्होंने न्यायालय को बताया था कि चुनाव आयोग मतदाता सूची में कैसे हेरफेर कर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित