कोलकाता , अप्रैल 10 -- पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा पलटवार करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चुनावी घोषणापत्र को 'झूठ का पुलिंदा' करार दिया।

उत्तर 24 परगना जिले के बारासात में एक जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा अधूरे वादों के जरिए मतदाताओं को गुमराह कर रही है। उन्होंने भाजपा की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए वर्ष 2014 के चुनावों में किए गए वादों की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हर बैंक खाते में 15 लाख रुपये देने का वादा किया था, जो आज तक पूरा नहीं हुआ।

उन्होंने भाजपा नेताओं की तुलना 'कोयल' से करते हुए कहा कि वे केवल चुनाव के समय आते हैं, झूठे वादे करते हैं और फिर गायब हो जाते हैं। मुख्यमंत्री ने मतदाता सूची से लगभग 90 लाख नाम हटाए जाने की खबरों पर भी चिंता व्यक्त की, जिसमें उन्होंने 60 लाख हिंदुओं और 30 लाख मुस्लिमों के नाम शामिल होने का दावा किया।

मुख्यमंत्री ने असम में एनआरसी का हवाला देते हुए मतदाताओं को सतर्क रहने की चेतावनी दी और कहा कि वहां भी बड़ी संख्या में हिंदुओं को सूची से बाहर कर दिया गया था। उन्होंने निर्वाचन आयोग और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि ट्रिब्यूनल अभी तक सक्रिय नहीं हुए हैं। सुश्री बनर्जी ने बेरोजगारी, नोटबंदी और ईंधन की बढ़ती कीमतों को लेकर भी केंद्र सरकार की आलोचना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित