कोलकाता , अप्रैल 17 -- पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन किया है लेकिन इसे प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया से जोड़ने के खिलाफ कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस ऐसे किसी भी कदम को स्वीकार नहीं करेगी।

सुश्री बनर्जी ने दम दम में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "हम महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन करेंगे। लेकिन इसके साथ कुछ और लाने की कोशिश न करें। हम इसकी अनुमति नहीं देंगे।"गौरतलब है कि उनकी यह टिप्पणी संसद के चल रहे विशेष सत्र के दौरान केंद्र के विधायी एजेंडे पर तेज होती राजनीतिक बहस के बीच आई है।

महिला आरक्षण विधेयक को औपचारिक रूप से 131वें संविधान संशोधन विधेयक के रूप में पेश किया गया है और यह लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने का प्रावधान करता है। तृणमूल कांग्रेस सहित विपक्षी दलों ने केंद्र द्वारा इस कोटे के कार्यान्वयन को भविष्य की जनगणना के आंकड़ों पर आधारित परिसीमन प्रक्रिया से जोड़ने के प्रयास पर चिंता जताई है।

सुश्री बनर्जी ने जोर देकर कहा कि संविधान संशोधन पारित करने के लिए संसद में दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता होती है और उन्होंने इन दोनों मुद्दों को एक साथ जोड़ने के पीछे के इरादे पर सवाल उठाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित