कोलकाता , दिसंबर 18 -- पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार कार्यक्रम से महात्मा गांधी का नाम हटाए जाने की कड़ी आलोचना की।

सुश्री बनर्जी ने एक व्यापार सम्मेलन में कहा कि उन्हें इस बात पर 'शर्म' महसूस हो रही है कि राष्ट्रपिता का नाम अब उस योजना में शामिल नहीं है जो मूल रूप से उनसे जुड़ी हुई थी। उन्होंने कहा, "गांधीजी का नाम वहां नहीं है। मुझे शर्म महसूस हो रही है। मैं किसी को दोष नहीं दे सकती। मैं केवल खुद को दोष देती हूं क्योंकि मैं इस देश की नागरिक हूं।"उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रमुख कार्यक्रम से महात्मा गांधी का नाम हटाना राष्ट्रपिता का घोर अनादर है।

मुख्यमंत्री ने केंद्र को कड़ा जवाब देते हुए घोषणा की कि पश्चिम बंगाल सरकार अपनी दैनिक वेतन रोजगार योजना 'कर्मश्री' का नाम बदलकर "महात्मा गांधी योजना" रखेगी। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल देश के महान नेताओं का सम्मान करना जानता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित