बारां , फरवरी 14 -- राजस्थान में बारां जिले की सरहद से सटे मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के कूनो राष्ट्रीय उद्यान से निकलकर चीता केपी-2 शनिवार को बारां जिले में विचरण करता दिखाई दिया है।

केपी-2 के इस क्षेत्र में दिखने के बाद कूनो और बारां वन विभाग के दल सतर्क हो गये हैं। बारां वन विभाग के उप वन संरक्षक (डीसीएफ) वी. माणिकराव बड़े ने शनिवार को बताया कि बारां जिले के सबसे बड़े 16 हजार हैक्टेयर के वन खंड जामली, खंडेला के आसपास केपी -2 चीते ने डेरा डाला हुआ है। वन विभाग का दल उस पर निगरानी रखे हुए है। आसपास के लोगों को सावधानी बरतने के लिए कहा गया है।

इससे पहले यही चीता केपी -2 दिसंबर में बारां जिले में लंबा प्रवास करके कुछ जानवरों को शिकार कर गया था। श्री बड़े ने बताया कि यह चीता केपी-2 बारां जिले के किशनगंज रेंज से करीब 50-60 किलोमीटर दूरी पर है। जिले में चीते की गतिविधियों की वह खुद निगरानी कर रहे हैं। किशनगंज रेंजर दीपक शर्मा के दल को निगरानी के लिए तैनात कर दिया गया है। कूनो का तीन सदस्यीय दल भी बारां जिले में पहुंचकर चीते की निगरानी कर रही है।

ग्रामीणों की चिंता को देखते हुए वन विभाग ने कहा है कि यह चीता सामान्यत: मनुष्य पर हमला नहीं करता, फिर भी सावधानी रखने की जरूरत है। विशेषज्ञों का दावा है कि केपी-2 को बारां जिले के खुले जंगलों का अनुभव होने से वह यहां की आबोहवा के बाद स्वाभाविक रूप से खुद लौट जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित