, Feb. 24 -- वर्ष 1989 में ही श्रीदेवी की एक और सुपरहिट फिल्म 'चांदनी' प्रदर्शित हुई। यश चोपड़ा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में श्रीदेवी ने चांदनी की भूमिका निभाई। इस फिल्म में श्रीदेवी ने अपनी बहुआयामी प्रतिभा का परिचय देते हुए न सिर्फ चुलबुला किरदार निभाया बल्कि कुछ दृश्यों में अपने संजीदा अभिनय से दर्शकों को भावुक कर दिया। फिल्म में अपने दमदार अभिनय के लिये श्रीदेवी सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्मफेयर पुरस्कार के लिए नामांकित भी की गई। वर्ष 1991 में प्रदर्शित फिल्म 'लम्हे' श्रीदेवी के सिने करियर की अहम फिल्मों में शुमार की जाती है। इस फिल्म में उन्हें एक बार फिर से निर्माता-निर्देशक यश चोपड़ा के साथ काम करने का अवसर मिला। इस फिल्म में श्रीदेवी ने मां और बेटी के रूप में दोहरी भूमिका निभाई थी। फिल्म में चुलबुले अंदाज से श्रीदेवी ने दर्शकों का दिल जीत लिया।वर्ष 1992 में प्रदर्शित फिल्म 'खुदागवाह' में श्रीदेवी दोहरी भूमिका में दिखाई दी। यूं तो पूरी फिल्म अमिताभ बच्चन के इर्द गिर्द घूमती है लेकिन श्रीदेवी ने अपनी दोहरी भूमिका से दर्शकों के दिलों पर अपने अभिनय की छाप छोड़ दी। वर्ष 1996 में निर्माता-निर्देशक बोनी कपूर के साथ शादी करने के बाद श्रीदेवी ने फिल्मों में काम करना काफी हद तक कम कर दिया।

वर्ष 1997 में प्रदर्शित फिल्म 'जुदाई' बतौर अभिनेत्री श्रीदेवी के सिने करियर की अंतिम महत्वपूर्ण फिल्म साबित हुई। इस फिल्म में उनके अभिनय का नया रूप देखने को मिला। फिल्म इंडस्ट्री के रूपहले पर्दे पर श्रीदेवी की जोड़ी सदाबहार अभिनेता जितेन्द्र के साथ भी खूब जमी। जितेन्द्र के अलावा श्रीदेवी की जोड़ी अभिनेता अनिल कपूर के साथ भी काफी पसंद की गई।श्रीदेवी ने अपने तीन दशक लंबे सिने करियर में लगभग 200 फिल्मों में काम किया। श्रीदेवी ने हिंदी फिल्मों के अलावा तेलगु, तमिल और मलयालम फिल्मों में भी काम किया है।

श्रीदेवी ने वर्ष 2012 में प्रदर्शित फिल्म 'इंग्लिश विंग्लश' से कमबैक किया। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई। वर्ष 2018 में श्रीदेवी की फिल्म 'मॉम' प्रदर्शित हुई। फिल्म में उनके दमदार अभिनय के लिए उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार, फिल्म फेयर पुरस्कार समेत कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। अपनी दिलकश अदाओं से लोगों को मंत्रमुग्ध करने वाली श्रीदेवी 24 फरवरी 2018 को इस दुनिया को अलविदा कह गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित