मनेन्द्रगढ़ , नवंबर 13 -- छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़ में राइजिंग एंड एक्सीलरेटिंग एमएसएमई परफॉर्मेंस (आरएएमपी) योजना के तहत एक दिवसीय गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (जीईएम) कार्यशाला सम्पन्न हुई।
जिला कलेक्टर डी राहुल वेंकट के निर्देशन में जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ में आरएएमपी योजना के तहत एक दिवसीय जीईएम कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य सरकारी विभागों में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) से ई-मार्केटप्लेस के माध्यम से सामग्री खरीद को बढ़ावा देना था।
जिला पीआरओ ने गुरुवार को बताया कि जनपद पंचायत कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक त्रिपुरारी राम कश्यप ने की। कार्यशाला दो सत्रों में आयोजित की गई जिसमें रायपुर से आए मास्टर ट्रेनर राकेश तिवारी ने प्रतिभागियों को जीईएम पोर्टल के माध्यम से क्रेता ऑनबोर्डिंग, निविदा दस्तावेज तैयार करने और प्रकाशित करने की संपूर्ण प्रक्रिया से अवगत कराया।
द्वितीय सत्र में उपस्थित अपर कलेक्टर नम्रता आनंद डोंगरे ने कहा, "जीईएम पोर्टल के माध्यम से खरीद प्रक्रिया न केवल अधिक पारदर्शी और सरल बनी है, बल्कि इससे स्थानीय एमएसएमई इकाइयों को व्यापक अवसर भी मिल रहे हैं।" उन्होंने सभी विभागों से स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।
उन्होंने बताया कि एमएसएमई इकाइयों के लिए आयोजित विशेष सत्र में विक्रेता पंजीयन, उत्पाद कैटलॉग तैयार करने और निविदा प्रक्रिया में भागीदारी बढ़ाने पर व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया गया।
इस अवसर पर एमएसएमई प्रतिनिधि अरिहंत कुमार बोथरा, हर्षिता जैन और प्रमोद बंसल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी की। प्रतिभागियों ने इस प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी और व्यवहारिक बताया। इस पहल से जिले में एमएसएमई क्षेत्र के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित