मनेन्द्रगढ़ , दिसंबर 21 -- मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिला अस्पताल में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान 2025 का रविवार को भव्य एवं विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर किया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि जिले में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 51 हजार बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह अभियान 21, 22 एवं 23 दिसंबर 2025 तक तीन दिनों तक चलेगा। पहले दिन सभी पोलियो बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई जा रही है, जबकि दूसरे और तीसरे दिन स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। अभियान के सफल संचालन के लिए जिलेभर में कुल 542 पोलियो बूथ बनाए गए हैं तथा करीब 1800 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। समाचार लिखे जाने तक जिले के लगभग 85 प्रतिशत बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा चुकी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित