ऋषिकेश , दिसंबर 17 -- उत्तराखंड में ऋषिकेश विधायक एवं उत्तराखंड सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने गुमानीवाला क्षेत्र स्थित मनसा देवी रेलवे फाटक पर गत रात्रि हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले चार युवकों के परिजनों से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में जाकर मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया।
श्री अग्रवाल ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और ईश्वर से परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की कामना की।
इस दौरान श्री अग्रवाल ने कोतवाल ऋषिकेश से दूरभाष पर वार्ता कर मामले में त्वरित और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को न्याय मिलना चाहिए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान धीरज जयसवाल, हरिओम पांडे, कर्ण प्रसाद और सत्य कुमार के रूप में हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित