बारां , फरवरी 06 -- राजस्थान में बारां में जिला कांग्रेस ने शुक्रवार को महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारण्टी योजना (मनरेगा) का नाम बदलने एवं मजदूर विरोधी बदलावों के खिलाफ जिला कांग्रेस ने जिला कलक्टर कार्यालय के बाहर धरना देकर जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा के नेतृत्व में दिए गए धरने में पूर्व केबिनेट मंत्री एवं अन्ता विधायक प्रमोद जैन भाया, पूर्व जिलाध्यक्ष रामचरण मीणा, जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया, पूर्व विधायक पानाचन्द मेघवाल, करणसिंह राठौड, श्रीमती निर्मला सहरिया सहित बडी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कांग्रेस कार्यकर्ता और मनरेगा मजदूर उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक प्रमोद जैन भाया ने सम्बोधित करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा मनरेगा योजना पर किए जा रहे लगातार हमलों के खिलाफ कांग्रेस अपना कड़ा विरोध दर्ज करा रही है। मनरेगा योजना कांग्रेस सरकार की ऐतिहासिक देन है, जिसने करोड़ों गरीब ग्रामीण परिवारों को काम का अधिकार दिया। यह योजना बेरोजगारी के खिलाफ सबसे मजबूत सामाजिक सुरक्षा कवच रही है, जिसके कारण गांवों से शहरों की ओर पलायन रूखा।
उन्होंने कहा कि अब केन्द्र सरकार जान-बूझकर इस योजना को कमजोर करने, बदनाम करने और अंततः समाप्त करने की दिशा में काम कर रही है। केन्द्र सरकार द्वारा मनरेगा योजना में बदलाव किया गया, तो कांग्रेस गांव-गांव, सड़क-सड़क और संसद से सड़क तक जन आंदोलन करेगी।
धरने को पूर्व विधायक पानाचन्द मेघवाल, जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया ने भी संबोधित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित