सक्ती , मार्च 22 -- छत्तीसगढ़ में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) में बड़ी वित्तीय अनियमितता सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। ग्राम पंचायत गोबरा, जनपद पंचायत डभरा में पदस्थ तकनीकी सहायक संजय धिरहे की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं।

यह कार्रवाई कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में आज जिला पंचायत सीईओ द्वारा की गई। जांच में मनरेगा के तहत लगभग 19.28 लाख रुपये की अनियमितता उजागर हुई है।

जांच रिपोर्ट के अनुसार, संबंधित तकनीकी सहायक द्वारा कागजों में कार्य दर्शाकर बिना वास्तविक काम किए ही राशि का गबन किया गया। इसके अलावा कार्यों के मूल्यांकन में भी गंभीर लापरवाही और वित्तीय अनियमितता पाई गई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए छत्तीसगढ़ संविदा सेवा भर्ती नियम 2012 के तहत संजय धिरहे की सेवा समाप्त कर दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रशासन का संदेश है कि जिले में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित