जालंधर , जनवरी 19 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के जालंधर हलका प्रभारी पवन कुमार टीनू ने सोमवार को बताया कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा में दलाव करने की मजदूर-विरोधी नीति को वापस करवाने के लिए 21 जनवरी को पुड्डा ग्राउंड, उपायुक्त कार्यालय के सामने, विशाल धरना दिया जाएगा।
श्री टीनू ने कहा कि केंद्र सरकार ने मनरेगा को समाप्त कर इसे 'वीबी जी राम जी योजना' में बदल दिया है। इस नीति के तहत मनरेगा मजदूरों के अधिकारों में कई तरह की कटौतियां की गयी हैं। विशेष रूप से बुआई और कटाई के मौसम में मनरेगा के काम उपलब्ध न होने के कारण गरीब मजदूरों को रोजगार से वंचित कर दिया गया है, जिससे उनकी रोजी-रोटी पर सीधा असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि यह बदलाव मनरेगा के मूल उद्देश्य को समाप्त करने वाला है, जिसका उद्देश्य गरीब परिवारों, महिलाओं और दलित वर्ग को 100 दिनों का गारंटीशुदा रोजगार प्रदान करना था। नये एक्ट में भले ही 125 दिनों का दावा किया गया हो, लेकिन वास्तव में यह मजदूरों के अधिकारों को कमजोर करने और केंद्रीकरण बढ़ाने की साजिश है। इससे पंजाब सहित पूरे देश के गरीब मजदूरों को भारी नुकसान होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित