रायपुर , जनवरी 31 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार 'मनरेगा बचाओ संग्राम' के तहत चार जिलों में कलेक्ट्रेट घेराव एवं धरना प्रदर्शन का कार्यक्रम घोषित किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज इन चारों कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

कार्यक्रम के अनुसार पहला धरना प्रदर्शन 02 फरवरी 2026 को गरियाबंद में होगा। इसके बाद कवर्धा में 03 फरवरी, बालोद में 04 फरवरी और कांकेर में 06 फरवरी 2026 को यह आयोजन किया जाएगा। सभी कार्यक्रम जिला कलेक्टर/जिला मजिस्ट्रेट के कार्यालय के समक्ष होंगे।

प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष दीपक बैज ने संबंधित जिलों की कांग्रेस कमेटियों को पत्र भेजकर कार्यक्रम को व्यापक रूप देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि जिले के वरिष्ठ नेताओं के साथ समन्वय बनाकर सभी स्तर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बड़ी उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।

इस कार्यक्रम में जिला व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों, सांसद, विधायक, पूर्व प्रत्याशियों, मोर्चा व प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, सोशल मीडिया प्रशिक्षित सदस्यों, स्थानीय निकायों के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों तथा वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को शामिल होने के लिए कहा गया है।

कांग्रेस का कहना है कि यह आंदोलन केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा जैसी जन-कल्याणकारी योजनाओं के साथ की जा रही छेड़छाड़ के विरोध में है। पार्टी का आरोप है कि सरकार मनरेगा के बजट में कटौती कर रही है और इससे ग्रामीण रोजगार पर बुरा असर पड़ रहा है। इसके विरोध में देशभर में यह संग्राम चलाया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित