रांची , दिसंबर 22 -- झारखंड सरकार के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने जामताड़ा में केंद्र की भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा- मनरेगा कांग्रेस की ऐतिहासिक देन है।

यह योजना सोनिया गांधी द्वारा देश के किसानों, मजदूरों और गरीबों को रोज़गार की कानूनी गारंटी देने के लिए लाई गई थी। आज यह करोड़ों गरीब परिवारों की जीवनरेखा है, लेकिन भाजपा इसे कमजोर करने और धीरे-धीरे खत्म करने की साजिश कर रही है।

जामताड़ा में कांग्रेस पार्टी का मनरेगा योजना से छेड़छाड़ और उसका नाम बदलने की भाजपा की साजिश के खिलाफ आज जबरदस्त, उग्र और ऐतिहासिक प्रदर्शन देखने को मिला। इस आंदोलन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, महिलाओं एवं युवा साथियों की भारी भागीदारी रही। पूरे क्षेत्र में केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ गूंजते नारे यह साफ़ संदेश दे रहे थे कि गरीबों के हक़ से कोई समझौता नहीं होगा।

वहीं डॉ. अंसारी ने कहा कि भाजपा को गरीब, किसान और मजदूर की खुशहाली कभी रास नहीं आई। कभी नाम बदलने का खेल, तो कभी 60:40 जैसे प्रावधान - यह सब गरीबों से उनका संवैधानिक अधिकार छीनने की चाल है। झारखंड जैसे गरीब राज्य में इसका सबसे ज़्यादा नुकसान मजदूरों को होगा, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।"डॉ. अंसारी ने कहा कि भाजपा शासन में बेरोजगारी चरम पर है, महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है और युवा भटकने को मजबूर हैं। रोजगार देने में पूरी तरह विफल भाजपा अब कांग्रेस की जनकल्याणकारी योजनाओं के नाम बदलकर जनता को गुमराह कर रही है। अगर भाजपा अच्छा काम नहीं कर सकती तो कम से कम बुरा करना बंद करे। गरीब, किसान और मजदूर को जीने दीजिए। मनरेगा का नाम बदला गया या उसकी ताकत कमजोर की गई तो कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी। जरूरत पड़ी तो आंदोलन, घेराव और उग्र प्रदर्शन भी होगा।

डॉ. अंसारी ने यह भी याद दिलाया कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने मनरेगा के तहत सौ दिन के रोजगार की कानूनी गारंटी दी थी। मौजूदा सरकार द्वारा उस अधिनियम में किया गया बदलाव पूरी तरह अनुचित है। इतनी बड़ी कल्याणकारी योजना का संचालन इस नई व्यवस्था में राज्य सरकारों के लिए संभव नहीं होगा। परिणामस्वरूप मनरेगा के अंतर्गत पर्याप्त कार्य उपलब्ध नहीं हो पाएगा और इसका सीधा नुकसान गरीब एवं ग्रामीण मजदूरों को होगा।

जामताड़ा जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपिका बेसरा ने इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कांग्रेस पार्टी मनरेगा के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ को सफल नहीं होने देगी। जनता के हक़ की यह लड़ाई पूरी ताकत और एकजुटता के साथ लड़ी जाएगी।"इस मौके पर निशापति हांसदा ने भाजपा को गरीब-विरोधी और आदिवासी-विरोधी बताते हुए कहा-भाजपा सिर्फ छीनना जानती है। यह पार्टी कभी भी आम जनता और आदिवासियों का भला नहीं सोच सकती।

कार्यक्रम में जामताड़ा जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष विजय दुबे, अजित दुबे, मुक्ता मंडल, बाम सरखेल, पूर्णिमा धर, कमरुद्दीन अंसारी, नंदकिशोर सिंह, अरुण दास, मिरुदी सोरेन, विनोद छतरी, प्रकाश मंडल, दानिश रहमान, वर्षा खान, जसबीर गांधी, तनवीर आलम, आरसी, राजकुमार दास, अभय पांडेय, बीरबल अंसारी, मुनमुन चक्रबर्ती, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित