मनरेगा में बदलाव के खिलाफ खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन का जोरदार प्रदर्शनश्रीगंगानगर , दिसम्बर 29 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले में सोमवार को अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन ने केंद्र सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) में किये गये बदलावों का कड़ा विरोध करते हुए जिले में व्यापक प्रदर्शन किये।
श्रीगंगानगर पंचायत समिति परिसर में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए यूनियन की दुर्गा स्वामी ने कहा कि केंद्र सरकार ने मनरेगा योजना के प्रावधानों में बदलाव कर जो नया कानून लागू किया है, वह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को कमजोर करने वाला है। यह योजना ग्रामीण मजदूरों की आर्थिक कमर तोड़ देगी। हमारी मांग है कि पुरानी मनरेगा योजना को तुरंत बहाल किया जाये, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की गारंटी बनी रहे।
उन्होंने बताया कि इस तरह के प्रदर्शन आज जिले की कई ग्राम पंचायतों, पंचायत समितियों और उपखंड अधिकारी कार्यालयों पर आयोजित किये गये। श्रीमती स्वामी ने स्पष्ट किया कि यूनियन इस नई योजना का विरोध लगातार जारी रखेगी और जरूरत पड़ने पर बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी।
पंचायत समिति श्रीगंगानगर के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायतों- बख्तांवाली, मदेरां, रेणुका और रोड़ांवाली में भी प्रदर्शन हुए। पंचायत समिति श्रीकरनपुर के अधीन खरला, तेजेवाला और धरिंगावाली ग्राम पंचायतों में मजदूरों ने अपनी आवाज बुलंद की। सादुलशहर में उपखंड अधिकारी कार्यालय के सामने प्रदर्शन आयोजित किया गया, जबकि सादुलशहर पंचायत समिति के तहत करीब छह ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर भी यूनियन कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। इन सभी स्थानों पर यूनियन ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें रखीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित