नयी दिल्ली , दिसंबर 22 -- केरल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और केंद्र शासित अंडमान और निकोबार द्वीप समूह की नयी मतदाता सूचियों का मसौदा मंगलवार 23 दिसंबर को प्रकाशित किया जाएगा।
इस समय चुनाव आयोग द्वारा 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के अंतर्गत इन राज्यों की सूचियों के शुद्धीकरण का काम भी चल रहा है।
आयोग के अधिकारियों ने यहां बताया कि इन राज्यों और क्षेत्रों के मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) और जिला चुनाव अधिकारी (डीईओ) सूची के मसौदे की प्रतियां सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों को विशेष रूप से प्रस्तुत करेंगे।
सूचियों के मसौदे संबंधित राज्यों और केंद्र शासित क्षेत्र के सीईओ और डीईओ की वेबसाइट पर भी अपलोड की जाएगी।
आयोग के निर्णयों के अनुसार एसआईआर में घर-घर जा कर मतदाता गणना फार्म जमा कराने और प्राप्त करने के चरण में जो मतदता अपने पतों पर अनुपस्थित या अन्यत्र स्थानांतरित या मृत पाये गये या जिनके नाम एक से अधिक जगह की सूची में पंजीकृत पाये गये ऐसे लोगों की सूची सीईओ और संबंधि डीईओ की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी।
इन जगहों की सूचियों का मसौदा जारी होने के बाद इन पर दावे और आपत्तियों तथा उसके साथ ही मतदाता पंजीकरण अधिकारियों की ओर से नोटिसों और उनकी सुनवायी का दौर चलेगा। पक्की सूचियों का प्रकाशन फरवरी के मध्य में किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित