डेहरी आनसोन , अप्रैल 18 -- पूर्व मध्य रेलवे के दीनदयाल रेल मंडल के डेहरी ऑन सोन रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने मध्य प्रदेश के सिंगरौली स्थित बैंक आफ महाराष्ट्र में शुक्रवार को हुई डकैती के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। रेल पुलिस सूत्रों ने बताया कि आज ट्रेन से भाग रहे गिरोह के मास्टरमाइंड को डेहरी आरपीएफ एवं राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) ने रेलवे स्टेशन पर सिंगरौली -पटना एक्सप्रेस से संदिग्ध अवस्था में धर दबोचा। पकड़े गए आरोपी की पहचान नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्वाल बिगहा निवासी कमलेश कुमार के रूप में हुई है। उसके पास से पुलिस ने 15 लाख 22 हजार रुपए नगद एवं 61.77 ग्राम सोने के जेवर बरामद किए हैं। पूछताछ में यह बात सामने आई है कि शुक्रवार को पांच बदमाशों ने मिलकर बैंक से लगभग 20 लाख रुपए नगद एवं अनुमानित 15 करोड़ रुपये के सोने के जेवर लूटे थे।घटना के बाद लुटेरों ने आपस में हिस्सा बांटा और अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए। गिरोह के चार अन्य सदस्य अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई हैं।
आरपीएफ डेहरी के प्रभारी निरीक्षक राम विलास राम ने बताया कि नबीनगर रेलवे स्टेशन पर सिंगरौली -पटना एक्सप्रेस में जांच के क्रम में एक व्यक्ति को संदिग्ध गतिविधि करते उससे पूछताछ कर उसकी जांच जांच की गई। उसने पूछताछ में बताया कि वह अपनी मां की इलाज के लिए पटना जा रहा है। जब बैग की तलाशी ली गई तो उसमें 15 लाख 22 हजार रुपये नगद, सोने के गहने मिले। इसके बाद ज़ब उससे कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने बताया कि उसने कल ही पांच लोग के साथ मिलकर बैंक आफ महाराष्ट्रा में लूटपाट की है। उसने इस घटना में शामिल अन्य सदस्यों का नाम भी बताया है। इसकी सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों के साथ सिंगरौली पुलिस को दी गई।
जीआरपी उपाधीक्षक ने बताया कि कमलेश कुमार एक शातिर अपराधी है जो पूर्व में हिलसा और नालंदा से मोटरसाइकिल चोरी एवं अन्य आपराधिक कांडों में जेल जा चुका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित